हरदा। मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। शहर के वार्ड-34 के अंतर्गत आने वाले ह्रदय नगर कॉलोनी के लोगों ने सालों से नाली, सड़क और बिजली की समस्या से अवगत कराया।
भाजपा के पूर्व पार्षद लक्ष्मण सिटोले के साथ जनसुनवाई में पहुंची महिलाओं का कहना है कि उन्होंने सालों पहले सस्ते दामों में प्लाट खरीदे थे, लेकिन कॉलोनाइजर ने यहां अब तक कोई विकास कार्य नहीं कराए है। जिसके चलते यहां रहने वाले परिवारों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन करना पड़ रहा है।
कॉलोनी की महिलाओं ने अपनी शिकायत में कहा कि बारिश के दिनों में पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की स्थिति बन जाती है। इस दौरान यहां के बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है।
कॉलोनी के नागरिकों ने कलेक्टर से कॉलोनाइजर से कालोनी में विकास कार्य कराए जाने की मांग की है। गौरतलब रहे कि उक्त कॉलोनी नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया के वार्ड में शामिल है।
वहीं जनसुनवाई में राजकुमार व नानकराम ने कलेक्टर सिंह को आवेदन देकर बताया कि ग्राम झुण्डगांव में उसके स्वामित्व की भूमि पर प्रधानमंत्री सड़क बना दी गई है। उन्होंने अपनी जमीन वापस दिलवाने या जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग कलेक्टर सिंह से की, जिस पर उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क के महाप्रबन्धक को आवेदक की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।