देवास। मलेरिया मच्छर के कांटने से होने वाला वाहक जनित रोग है जिसका फैलाव बारिश के दिनों में अधिक तेजी से होता है। मलेरिया रोग के प्रति जन-जागरूकता लाने, इसके फैलाव को रोकने और जांच तथा उपचार की व्यवस्था हेतु मलेरिया रथ पूरे देवास जिले में भ्रमण करेगा। आज जिलाधीश महोदय ऋषव गुप्ता ने मलेरिया रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ जिले में मलेरिया माह-जून-2024 के विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की औपचारिक शुरूआत हुई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवेन्द्र मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रश्मि दुबे, जिला जनसंपर्क अधिकारी आनंद मोहन गुप्ता, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुनील तिवारी, जिला मलेरिया कार्यालय के समस्त मलेरिया निरीक्षक, सर्वेलेन्स निरीक्षक और अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि मलेरिया रथ संपूर्ण देवास शहर और समस्त छः विकास खण्डों में भ्रमण करके वाहक जनित रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फाईलेरिया, हाईड्रोसील, लिम्फेडिमा आदि के संबंध में जनजागरूकता निर्मित करेगा। उक्त रथ के साथ समस्त विकास खण्डों में स्थानीय मलेरिया निरीक्षक और लैब टेक्नीशियन भी होंगे जो बुखार के रोगी की पहचान कर किट के माध्यम से मलेरिया की जांच भी करेंगे।