शाजापुर। पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय में बुधवार को दीक्षा रंभ कार्यक्रम का समापन पौधारोपण के साथ हुआ। महाविद्यालय में प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को प्रवेश के साथ ही एक पौधा रोपण की जिम्मेदारी दी गई। पौधा लगाने के बाद जब तक वे इस महाविद्यालय में अध्ययनरत रहेंगे इसकी देखभाल करेंगे। महाविद्यालय प्रबंधन की इस अभिनव पहल से अभी तक 100 से ज्यादा विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी ली है।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वीएस विभूति ने बताया उच्च शिक्षा विभाग की पहल पर तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत 1 जनवरी से हुई और 3 जुलाई को समापन हुआ। इस कार्यक्रम के तहत नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय द्वारा संस्थान का परिचय, विभागों का परिचय, पाठ्यक्रमों का परिचय, एनईपी 2020 का परिचय, छात्रवृत्ति योजनाएं, एनएसएस, एनसीसी के परिचय साथ प्रयोगशाला भ्रमण, पुस्तकालय भ्रमण, कॅरियर मार्गदर्शन प्लेसमैंट का भ्रमण, परिसर अवलोकन और स्पोर्ट्स गतिविधियों की जानकारी से अवगत कराया गया।
महाविद्यालय की पहल पर आज अंतिम दिन प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने एक पौधे को लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी ली। महाविद्यालय में प्रथम वर्ष के 175 विद्यार्थियों में से अभी तक 100 से ज्यादा विद्यार्थी पौधारोपण कर चुके हैं।