नीमच। शहर के झांझरवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमपी ग्रीन टायर फैक्ट्री में ड्यूटी के दौरान एक 50 वर्षीय कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कंवरलाल पिता बाबूलाल भील (50), निवासी ग्राम कासबी, तहसील जीरन बीती रात करीब 8 बजे फैक्ट्री में ड्यूटी करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के करीब 5 बजे अचानक उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई।
सहकर्मियों और परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।