भोपाल। राजधानी भोपाल में मप्र विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन नर्सिंग घोटाले के मामले में मंत्री विश्वास सारंग को लेकर हंगामा हो गया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सारंग के खिलाफ विशेषाधिकार हनन पर चर्चा की मांग की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि उन्हें सूचनाएं मिली हैं। इनका परीक्षण करने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान समूचा विपक्ष चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा। इसके चलते सदन में हंगामें की स्थिति भी मिर्नित हुई।
पूर्व मंत्री हरदीप सिंह डंग ने उठाया अवैध कॉलोनियों का मुद्दा-
इससे पहले विधायक हरदीप सिंह डंग ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने का मामला उठाया। इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश में एक नेक्सस काम कर रहा है, जिसको रोकने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़े कानून बनाने के निर्देश दिए हैं। हम अवैध कॉलोनियों को वैध नहीं करेंगे, लेकिन जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखेंगे।
टिमरनी विधायक ने कंधे पर बोरी रख की नारेबाजी-
टिमरनी विधायक अभिजीत शाह मूंग की बोरी कंधे पर रखकर नारेबाजी करते हुए विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। इधर, एमएसएमई मंत्री चौतन काश्यप ने सदन में मंत्री पद के वेतन-भत्ते छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जो संपन्न हैं उन्हें ऐसा करना चाहिए।