खरगोन। नगरपालिका में पिछले 5 माह के दौरान दो बार साधारण सम्मेलन आयोजन को लेकर सूचना पत्र जारी करने के बाद बैठक निरस्त किए जाने से पार्षदों में नाराजगी देखी जा रही है। अपने- अपने वार्डाे में विकास कार्याे सहित अन्य एजेंडों को लेकर बात रखने का मौका नही मिलने से नाराज गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपते हुए पार्षद रियाज शेख, वारिस चौबे, असलम शेख, शकील खान, शबनम पठान, अरुणा उपाध्याय आदि ने बताया कि वार्डों में विकास कार्य नहीं होने से आमजन ही नहीं पार्षद भी परेशान हैं। कई बार शिकायत के बाद भी नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ हमारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। डिप्टी कलेक्टर ने पार्षदो को नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। नगरपालिका परिषद में करीब एक साल के भीतर ही सत्तापक्ष सहित विपक्ष के पार्षदों की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। गुरुवार को जहां विपक्ष के पार्षदों ने नियमानुसार साधारण सभा नही कराए जाने से नाराज होकर कलेक्टर को शिकायती पत्र सौंपा है। वही सभापति ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।