मनासा। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम बालागंज में गुरुवार दोपहर एक 13 वर्षीय बालक विष्णु पिता मांगीलाल ओढ़ को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाश सिल्वर कलर की गाड़ी में अपहरण कर भाग निकले थे। तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना ओर चेक पाईंट पर अलर्ट किया गया। पुलिस के साथ-साथ ग्राम बालागंज के लोगों ने भी अपहरणकर्ताओं का पीछा किया, लेकिन राजस्थान सीमा के नयागांव टोल पर बेरीकेट तोड़कर बदमाश राजस्थान सीमा में प्रवेश कर गए। उसके बाद मामले को गंभीरता से लेकर मनासा थाना पुलिस के दो दलों ने नीमच के सायबर सेल एक्सपर्ट प्रदीप शिंदे की मदद से पुलिस ने बदमाशों के सेल फोन नंबर ट्रेस कर उनका पीछा किया। आखिरकार देर रात मनासा थाना पुलिस ने राजस्थान के बड़लियास थाना पुलिस की मदद से ग्राम चांदगढ़ के समीप नदी के पास दो बदमाशों को धर दबोचा। वहीं अन्य बदमाश वेन छोड़ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दो बदमाशों को हिरासत में लेकर बालक को सुरक्षित बरामद किया है।
मनासा थाना पुलिस देर रात दोनों बदमाशों को हिरासत में लेकर बडलियास थाना लेकर आई है। पूरे मामले में बडलियास थाना पुलिस, मनासा थाना एसआई निलेश सोलंकी, एएसआई आनन्द निषाद, आरक्षक दीपक सेन, आरक्षक अनिल असवार, आरक्षक अनिल धाकड़ मौके पर मौजूद रहे। मामले में नीमच पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल प्रेस वार्ता कर शुक्रवार को एसपी आफिस में घटना का पूरा खुलासा करेंगे।