देवास। करणी सेना के जिलाध्यक्ष विशाल सिंह रघुवंशी के समर्थन में शुक्रवार को बड़ी संख्या में करणी सैनिक शहर पहुंचे। उन्होंने एक ज्ञापन डीएसपी को सौंपा और एफआईआर से विशाल का नाम हटाने की मांग की गई।
ज्ञापन के दौरान श्री राजपुत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सहेन्द्रसिंह दिखित ने बताया कि करणी सेना के जिलाध्यक्ष विशालसिंह रघुवंशी भारतीय जनता पार्टी के देवास मंडल में अध्यक्ष भी हैं। उनके खिलाफ लगातार साजिश चल रही है। पूर्व में भी कुछ घटनाओं में उनका नाम जोड़ने का प्रयास किया गया था और अभी कुछ दिन पूर्व ही हुई एक हत्या के प्रकरण में उनका नाम जुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है।
करणी सेना के लोगों ने मांग की है कि एफआईआर से जिलाध्यक्ष का नाम हटाकर इन तथाकथित ष्डयंत्रकारियों पर कार्रवाई कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, नहीं तो हमें मजबूर होकर आंदोलन करना होगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जवाहर नगर क्षेत्र में हुई कुणाल उर्फ चीकू बैरागी की हत्या के बाद पुलिस ने चार आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया था। कोतवाली थाने पर हुई एफआईआर में उल्लेख था कि आरोपी अंब्रेश के घर उसके संपर्क में चींटू रघुवंशी के माध्यम से मुस्तफा द्वारा अंब्रेश और राहुल हाथी पाला को सुपारी दी होगी। मामले में फरियादी आनंद मंसारे द्वारा प्रकरण दर्ज करवाया गया था।