नीमच। जिले में बारिश की लंबी खेच के बाद गुरूवार शाम को झमाझम हुई। मूसलाधार बारिश से किसानों को राहत मिली है। गुरुवार शाम से हुई तेज बारिश के चलते जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर फसलों को पानी मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली है। आज शुक्रवार को भी जिले आसमान पर बादल छाए रहे। दोपहर में कई इलाकों में बारिश भी हुई। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार वर्तमान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से एमपी में भी स्ट्रॉन्ग सिस्टम है। इस कारण पूरे प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। अगले कुछ दिन तक यह सिस्टम एक्टिव रहेगा। 5 जुलाई को सुबह 8 बजे समाप्त हुए 24 घंटे में नीमच में 3.8 इंच, जावद में 0.9 इंच व मनासा में 1.2 इंच बारिश हुई। वहीं 1 जून से अब तक नीमच में 7.4 इंच, जावद में 7.7 इंच, मनासा में 7.0 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि में नीमच में 9.7 इंच, जावद में 10.10 इंच, मनासा में 9.4 इंच बारिश हुई थी।