बड़वानी। जिला मुख्यालय पर अंजड़ मार्ग स्थित इंद्रजीत छात्रावास के वर्षों पुराने भवन को फिर आवासीय रूप से शुरू करने की मांग उठने लगी है। इसको लेकर शहीद भीमा नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कॉलेज प्राचार्य डॉ. दिनेश वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
बता दें कि एसबीएन कॉलेज का यह इंद्रजीत छात्रावास को 2019-20 सत्र के बाद से बंद कर दिया गया है। ऐसे में बाहर गांव व जिलों से यहां पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के सामने रहने के लिए आवास संकट बना हुआ है।
विद्यार्थियों ने ज्ञापन में बताया कि इंद्रजीत छात्रावास में रह कर अनेक विद्यार्थियों ने शिक्षा प्राप्त करके अपना भविष्य बनाकर देश व प्रदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बीते वर्षों से यह छात्रावास बंद होने के कारण कई विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह रहे हैं। कई विद्यार्थी वर्तमान में भी छात्रावास में रह कर अध्ययन करना चाहते हैं, लेकिन महाविद्यालय द्वारा संचालित इस इंद्रजीत छात्रावास के गत चार वर्ष से बंद होने के कारण विद्यार्थियों को निजी भवनों में किराए के कमरों में रहने की मजबूरी बढ़ने लगी है।
इससे मुख्य रूप से दूरस्थ अंचल से शहर आकर उच्च शिक्षा हासिल करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ता है। विद्यार्थियों ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन अगर उक्त भवन में फिर छात्रावास सुविधा शुरू कर दे, तो कई विद्यार्थियों को सहूलियत मिलेगी।