शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के एक प्रेम विवाह करने वाले दंपती ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की। दंपती ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है, लेकिन युवती के परिजन इस शादी से नाराज हैं। उन्हें आशंका है कि उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
18 वर्षीय नैन्सी साहू निवासी नई बस्ती खनियाधाना ने बताया कि उन्होंने 23 वर्षीय हरिओम शर्मा निवासी आदिवासी मोहल्ला, धुविया तालाब खनियाधाना के साथ 20 मई 2026 को ग्वालियर स्थित आर्य समाज संस्था में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। वर्तमान में दोनों शिवपुरी में रह रहे हैं।
दंपती का आरोप है कि शादी के बाद से खनियाधाना थाना पुलिस की ओर से लगातार फोन कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा रहा है। लेकिन युवती के परिजनों के विरोध के चलते उन्हें थाने जाने में खतरा महसूस हो रहा है।
दंपती ने बताया कि उन्हें डर है कि थाना खनियाधाना पहुंचने के दौरान या वहां उनके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है। इसी कारण उन्होंने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर मांग की है कि उनके बयान थाने की जगह एसपी कार्यालय में दर्ज किए जाएं और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
दंपती ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि उन्होंने बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपनी इच्छा से विवाह किया है और वे अपनी वैवाहिक जिंदगी सुरक्षित तरीके से जीना चाहते हैं। अब पुलिस से उन्हें सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद है।