नीमच। जिले के विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत एमटीएस (मल्टी टास्क स्टाफ) कर्मचारियों ने पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज होकर सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) तथा राज्य स्वास्थ्य संचालक के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने शीघ्र बकाया वेतन का भुगतान और हर माह समय पर वेतन सुनिश्चित करने की मांग की।
सीटू के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय में कार्यरत एमटीएस कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने जिला चिकित्सालय में सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद को तथा कलेक्टर कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे के माध्यम से स्वास्थ्य संचालक के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन का वाचन बालकिशन खेर एवं लखन मेघवाल ने किया। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी नियुक्ति 24 जनवरी 2026 को हुई थी। जॉइनिंग के बाद अब तक उन्हें केवल दो माह का वेतन ही प्राप्त हुआ है, जबकि पिछले चार माह का वेतन लंबित है। इससे परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि वे पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें-
- लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराया जाए।
- प्रत्येक माह की 10 तारीख तक नियमित वेतन दिया जाए।
- आउटसोर्स कंपनियों के बीच सब-कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था समाप्त की जाए।
- समय पर बजट आवंटन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान लक्ष्मण सिंह चुंडावत, अनीता सेन, शिवानी राठौर, मेहरूनिशा, कन्हैया रावत, संजू शर्मा, मनोहर नागदा, मधु कंवर, गोविंद शर्मा, आयुषी पटेल, पूजा सेन, गोपाल राठौर सहित मनासा, जावद और नीमच क्षेत्र के अनेक एमटीएस कर्मचारी उपस्थित रहे।