निंबाहेड़ा। शहर की अग्रणी सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था रज़ा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी, निंबाहेड़ा द्वारा आयोजित “तालीबे इल्म का छठा एजाज़ी व तालीमी कॉन्फ्रेंस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” शिक्षा, प्रेरणा और सम्मान का यादगार महोत्सव बन गया। कुसुम गार्डन, जे.के. रोड पर आयोजित इस भव्य समारोह में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना नहीं था, बल्कि नई पीढ़ी के भीतर शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना विकसित करना भी था। समारोह में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं, डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
शिक्षित समाज ही मजबूत राष्ट्र की पहचान: उदयलाल आंजना
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “तालीम किसी भी कौम और समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। जिस समाज में शिक्षा का उजाला होगा, वहां तरक्की, खुशहाली और भाईचारे का माहौल स्वतः निर्मित होगा। आज के बच्चे ही कल के वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासक और जनप्रतिनिधि बनेंगे, इसलिए उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं बल्कि बेहतर इंसान बनने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच से कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।
आंजना ने रज़ा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में जो सेवाएं दे रही है, वह समाज के लिए मिसाल है। ऐसे आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
मेधावियों को मिला सम्मान, गूंजती रही तालियां
समारोह में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर आलिया शेख़, पूर्वा खान, इल्मा खान, रेहान खान, इन्शा एवं तनाज शेख़ सहित अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
अफ़सा मेव को मिला “शान-ए-शहर अवार्ड”
राजस्थान विश्वविद्यालय में एम.ए. परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉपर बनने वाली अफ़सा मेव को समारोह में प्रतिष्ठित “शान-ए-शहर अवार्ड” प्रदान किया गया। वहीं शिक्षा एवं उर्दू अदब के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हाजी लुकमान रहमानी को “मैकश अजमेरी उर्दू अवार्ड” से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा वर्षों से हज यात्रियों की सेवा, मार्गदर्शन एवं जनकल्याणकारी कार्यों में योगदान देने वाली हज खिदमत कमेटी, निंबाहेड़ा को विशेष सम्मान प्रदान कर उसकी सेवाओं का अभिनंदन किया गया।
विशेषज्ञ वक्ताओं ने दिए सफलता के सूत्र
कार्यक्रम में आरएनटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, कपासन के चेयरमैन डॉ. वसीम खान, दिल्ली के मास कम्युनिकेशन विशेषज्ञ डॉ. अखलाक उस्मानी, अहमदाबाद (गुजरात) के मोटिवेशनल स्पीकर जनाब इरफान मोगल, निंबाहेड़ा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष चंद्र शारदा तथा असरा वेलफेयर सोसायटी चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष सिद्दीक नूरी एवं आरिफ़ सर ने विद्यार्थियों की हौसला अफजाई की।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, तकनीक और नवाचार का युग है। विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया।
शिक्षा के प्रति जागरूकता का बना संदेशवाहक आयोजन
पूरे आयोजन के दौरान “तालीम से ही तस्वीर बदलेगी” का संदेश गूंजता रहा। वक्ताओं ने कहा कि समाज में शिक्षा का स्तर बढ़ेगा तो सामाजिक कुरीतियां स्वतः समाप्त होंगी और नई पीढ़ी बेहतर भविष्य का निर्माण करेगी। समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के विकास का आधार बनती है।
अतिथियों का हुआ शानदार इस्तकबाल
कार्यक्रम के प्रारंभ में रज़ा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष मोहम्मद फारुख, एडवोकेट सय्यद साजिद अली, मोहम्मद यासीन, हाजी लुकमान रहमानी, रशीद खान, आमिर अनवर, शाहरुख खान, शाहनवाज खान, सरफ़राज़ मेव, नाज़िम अंसारी, रईस अहमद, अहमद खान, अदनान रज़ा एवं वाजिद अंसारी सहित पदाधिकारियों ने अतिथियों का साफा बंधवाकर, गुलपोशी कर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बड़ी संख्या में गणमान्यजन रहे मौजूद
समारोह में नगर कांग्रेस कमेटी संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव मनोज पारख, जिला महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शबाना खान, नगर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष मोहम्मद कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष शब्बीर गौरी, जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग उपाध्यक्ष मामूर खां मेव, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष शम्शु कमर मंसूरी, पूर्व पार्षद हाजी अतीक खान, हाजी एजाज अहमद, इम्तियाज़ गौरी, सिराज मेव, वसीम इरफानी, मौलाना यूसुफ निज़ामी, मौलाना रिज़वान, उबैद खान, मतलूब अजमेरी, अख्तर पटेल, भुरू भाई जागीरदार, मोहम्मद फारुख छिपा, अब्दुल कलाम, सादिक खान, इमरान खान, अनीस अहमद, हाजी कल्लू मंसूरी, डॉ. मंसूर खान, डॉ. लतीफ खान, हाजी कय्यूम खान, परवेज़ खान, हाजी मुश्ताक मुल्तानी, मोहम्मद सलीम खान, आसिम खान, हाजी वली मोहम्मद शेख़, मकबूल खान, के.एल. कच्छावा, फिरोज मेव, अब्दुल वाहिद खान, अय्यूब नीलगर, जफर खान, ज़ाहिद खान, तालिब खान, राशिद खान, रफीक खान, पत्रकार भजन जिज्ञासु, मोहम्मद अय्यूब खान, ज़ाकिर हुसैन एवं फैसल खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन मोहम्मद फारुख एवं सिराज खान ने किया तथा अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।