नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस ने वर्ष 2022 से फरार चल रहे अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने वकील उर्फ शंकर पिता सूरजमल बंजारा (38), निवासी पोखरदा को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना मनासा के अपराध क्रमांक 18/2022 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत दर्ज डोडाचूरा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार था। वह लगातार अपने ठिकाने और पहचान बदलकर पुलिस से बचता रहा।
पुलिस के अनुसार आरोपी को पूर्व में उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली थी, लेकिन वह थाने में उपस्थित नहीं हुआ और पुनः मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त पाया गया। इसके बाद पुलिस ने जमानत निरस्तीकरण के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर उच्च न्यायालय ने आरोपी की जमानत निरस्त कर दी।
आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से लगभग सात मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। मामले में धारा 173(8) बीएनएसएस के तहत विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक तेज सिंह सिसौदिया, प्रधान आरक्षक अकीब मेव तथा आरक्षक अंकित जोशी और पिकेंश मोगिया की सराहनीय भूमिका रही।