शिवपुरी। सेवा सप्ताह के तहत विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल प्रखंड खनियाधाना टीम ने सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए आदिवासी बस्ती में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। नगर के वार्ड नंबर-3 स्थित आदिवासी बस्ती में लगाए गए इस शिविर में 80 से अधिक जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर में संजीवनी आयुष स्वास्थ्य केंद्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने मरीजों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
बजरंग दल जिला संयोजक ऋषभ सोनी और प्रखंड अध्यक्ष भानु चौबे ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत समाज के पिछड़े और वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉक्टर एमडी शर्मा सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ मौजूद रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों ने संगठन के इस प्रयास की सराहना की।