इंदौर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने बेबाक अंदाज और हाजिरजवाबी के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं। इंदौर में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के दौरान उनका अनोखा अंदाज देखने को मिला। मंच से उन्होंने जहां शहर में बढ़ते जल संकट को लेकर जनप्रतिनिधियों को सख्त संदेश दिया, वहीं अपने चुटीले अंदाज से मौजूद लोगों को खूब हंसाया।
विजयवर्गीय ने इंदौर में गिरते भूजल स्तर पर चिंता जताते हुए कहा कि इस साल गर्मी में शहर के करीब 80 फीसदी भूमिगत बोरवेल सूख गए थे। उन्होंने कहा कि अब पानी बचाने और पेड़ लगाने के अभियान को जन आंदोलन बनाने की जरूरत है।
उन्होंने मंच से पार्षदों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर अपने-अपने मोहल्लों में चौन से रहना है और जनता की नाराजगी से बचना है तो हर घर में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था करवानी होगी।
इस दौरान उन्होंने महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अनुपस्थिति पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि आजकल महापौर बैठकों में नजर नहीं आ रहे हैं और काफी व्यस्त रहने लगे हैं।
नेताओं की तुलना कर लगाए ठहाके
जल संरक्षण की गंभीर बातों के बाद कैलाश विजयवर्गीय अपने पुराने अंदाज में नजर आए। उन्होंने मंच से मौजूद नेताओं को लेकर मजेदार टिप्पणियां कीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की तारीफ करते हुए उन्होंने उनकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से कर दी। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का कद भले ही छोटा था, लेकिन उनके काम बहुत बड़े थे।
वहीं कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल को लेकर विजयवर्गीय ने कहा कि उनकी हाइट जितनी लंबी है, उनके काम भी उतने ही बड़े हैं।
इंदौर विधायक रमेश मेंदोला पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि उनका हाल तो ऐसा है कि घर की मुर्गी दाल बराबर। विजयवर्गीय के इस अंदाज पर पूरा पंडाल हंसी से गूंज उठा।
हालांकि, अपने मजाकिया अंदाज के बीच विजयवर्गीय ने जल संरक्षण को लेकर गंभीर संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना और पानी बचाना अब केवल अभियान नहीं बल्कि इंदौर के भविष्य और अस्तित्व का सवाल है।