नीमच। शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने सोमवार को फव्वारा चौक से फ्रूट मंडी तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान, अवैध शेड तथा अन्य अवरोधों को हटवाया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों को मौके पर समझाइश दी गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ व्यापारियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई।
सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लगातार शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने का मुद्दा उठाया जा रहा था। इसी के तहत चरणबद्ध तरीके से अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित लाल लाइन के बाहर किसी भी प्रकार का सामान रखना या अतिक्रमण करना अब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध चालान, सामान जब्ती तथा आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका की दुकानों के पट्टे निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानों के बाहर किए गए अवैध एवं स्थायी अतिक्रमण को भी चिन्हित कर हटाया जाएगा, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
अभियान के दौरान फव्वारा चौक स्थित एक जर्जर भवन को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरा मानते हुए उसके मालिक को तीन दिन के भीतर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय में सुधार कार्य नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका की इस कार्रवाई से दिनभर क्षेत्र में हलचल बनी रही, जबकि आम नागरिकों ने यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल का स्वागत किया।