नीमच। सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी और निर्धारित से अधिक गति से वाहन चलाने से होती है। ऐसे में नियमों की पालन बहुत जरूरी है। सड़क पर जब भी घायलों को देखे तो तुरंत अस्पताल पहुंचाए। ऐसा करने पर पुलिस या अस्पताल की ओर से आपको बेवजह परेशान नहीं किया जावेगा। प्रशासन उसे नेक व्यक्ति मानकर पांच हजार रुपये बतौर पुरस्कार प्रदान करेगी।
इस पुरस्कार के लिये आमजन घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराकर उसकी जानकारी चिकित्सक और पुलिस को प्रदान करें। साथ ही हिट एन्ड रन प्रतिकर योजना के संबंध मे भी जानकारी प्रदान की गई एवं गुड सेमेरिटन योजना के संबंध में सभी ऑटो पर स्टीकर चस्पा किये गये, जिससे आमजन को भी योजना की जानकारी एवं योजना का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन मे थाना प्रभारी यातायात उर्मिला चौहान एवं थाने की टीम द्वारा थाने पर शहर में संचालित ऑटो चालकों को गुड सेमेरिटन योजना और हिट एण्ड रन प्रतिकर योजना के संबंध में जानकारी देते हुये बताया कि पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार सभी जिलों मे 01 जुलाई से गुड सेमेरिटन योजना व हिट एण्ड रन प्रतिकर योजना के लिये जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 15 जुलाई तक चलने वाले इस जागरूकता अभियान के तहत स्कूलों में जाकर छात्र- छात्राओं को भी उक्त योजना एवं यातायात नियमो के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही आमजन एवं बच्चों को नशे के दुष्प्रभाव में बारें में सचेत करते हुये नशा न करने के संबंध में समझाईश दी जा रही है।