नीमच। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान पौधारोपण एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने एनसीसी कैडेट्स के साथ महाविद्यालय परिसर में लगभग 200 पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
अपने संबोधन में विधायक परिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक दायित्व के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखते हैं।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने अपने हाथों से तैयार पर्यावरण अनुकूल पेपर बैग विधायक को भेंट कर प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया। इसके बाद शिविर एवं महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री का संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
कैम्प कमांडेंट कर्नल सुनील चिकोडे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्षी, कैप्टन जितेंद्र कनोजिया, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विश्वदेव शर्मा, प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा, एनसीसी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार लक्षकार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।