निवाड़ी। जिले के ओरछा में शनिवार को महाकवि केशवदास को समर्पित कवि सम्मेलन देर रात तक चला। इस दौरान ख्याति प्राप्त कवियों ने देर रात अपनी कविताओं की प्रस्तुती दी। कार्यक्रम के बाद सभी कवियों का सम्मान भी किया गया।
श्री राम कथा समिति मध्यप्रदेश की ओर से आयोजित महाकवि केशवदास व्याख्यान माला और कवि सम्मेलन में पहुंचे कवियों ने देर रात तक श्रोताओं को आनन्दित किया। कवि डॉ. उमा शंकर खरे श्उमेशश् ने महाकवि केशवदास पर व्याख्यान और काव्य रचना प्रस्तुत की।
वहीं कौंच उत्तर प्रदेश से आई कवयित्री रितु चतुर्वेदी ने महाकवि केशव और भगवान श्रीराम पर अनेक मुक्तक छंद प्रस्तुत किए, जिन्हें श्रोताओं ने सराहा। इसके बाद वैभव दुबे झांसी ने भी कर्णप्रिय रचनाएं प्रस्तुत की। वहीं हरनाथ सिंह चौहान ने कई वीर रस की कविताएं श्रोताओं तक पहुंचाई।
पृथ्वीपुर से आए कल्याण दास पोषक ने अपनी आस्था बुंदेली रचनाये भगवान श्रीराम और महाकवि केशवदास को समर्पित की। कवि सम्मेलन का संचालन कर रहे वरिष्ठ व्यंग्यकार और हास्य कवि देवेंद्र रावत नटखट श्रोताओं को अपनी हास्य रचनाओं से गुदगुदाते रहे।
अंत में रामकथा समिति के सुभाष बाबू पांडे और स्थानीय आयोजन संयोजक रजनीश दुबे ने सभी कवियों को मंच पर सम्मानित किया। आयोजन में पूर्व जिला न्यायाधीश अरुण कुमार, प्रांतीय कलाकार संघ के राजेश शुक्ला, ओरछा विरासत अकादमी की डॉ. सफिया खान, समाज सेविका रजनी गुप्ता सहित सैकड़ों श्रोता उपस्थित रहे।