नीमच। जिले की सभी गोशालाओं में गो-वंश के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाये। गोशालाओं में गोवंश के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, टीकाकरणआदि की व्यवस्था सुनिश्चित हो। गो-वंश के लिए पेयजल, चारा, भूसा, गो-आहार की भी पर्याप्त व्यवस्था हो।सभी गोशालाएं मृत गोवंश के उचित निपटान के लिए गोशाला के समीप गो समाधि का स्थान चिन्हित कर वहां गो समाधी का बोर्ड लगाए। यह निर्देश कलेक्टर दिनेश जैन ने शनिवार को नीमच जिले के ग्राम सावन एवं ग्राम सारसी में संचालित गोशालाओं के निरीक्षण दौरान उपसंचालक पशुपालन नीमच को दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, डॉ.राजेश पाटीदार, डॉ.ए.आर.धाकड, संबंधित गोशाला संचालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कलेक्टर दिनेश जैन ने गौशालाओं के निरीक्षण दौरान गौशालाओं के शेड में शेड की उपलब्धता गोवंश की संख्या, शेड की व्यवस्था, पशुचारे की व्यवस्था, पशुचारा गोदाम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होने गौशालाओं के लिए चरनोई की भूमि चिन्हित कर आरक्षित करवाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण दौरान कलेक्टर जैन ने सारसी में गोशाला का संचालन सुव्यवस्थित पाया और गोशाला में गोवंश के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना की। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने सारसी गोशाला में गोपूजन कर गायों को गुड एवं पूरीयां खिलाई।
सावन गौ-शाला में पौधा रोपण-
कलेक्टर दिनेश जैन एवं जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद ने सावन की गौशाला में पोधा रोपण भी किया। उन्होने गौशाला संचालक एवं ग्रामीणों से भी एक पेड मॉ के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण करने का आव्हान किया।