शाजापुर। सोमवार को थोक सब्जी मंडी के व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए पूरे शहर में वाहन रैली निकाली। थोक सब्जी मंडी अभी हाट मैदान में संचालित हो रही है और यहां नगरपालिका द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई।
सब्जी मंडी में कचरे को लेकर रविवार को नगरपालिका कर्मचारी और व्यापारी के बीच साफ-सफाई को लेकर विवाद की स्थिति बन गई थी। विवाद के बाद से ही व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय ले लिया।
आज व्यापारियों ने थोक मंडी में नीलामी भी नहीं की। पूरे शहर में सब्जी की किल्लत हो गई। थोक व्यापारी की मांग है हाट मैदान से थोक सब्जी मंडी को टंकी चौराहा के पास पुरानी कृषि उपज मंडी में शिफ्ट किया जाएं। पुरानी कृषि उपज मंडी इस समय खाली पड़ी हुई है और वहां शेड भी बने हुए हैं। व्यापारियों की यह मांग लंबे समय से है,जिसे जिला प्रशासन पूरी नहीं कर रहा है। ऐसे में व्यापारियों में आक्रोश है।
कचरे के विवाद के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल
रविवार सुबह कचरे को लेकर व्यापारियों और नपा कर्मचारियों में विवाद हुआ। इसके चलते सोमवार से मंडी के व्यापारियों ने बेमियादी हड़ताल की घोषणा कर दी है। रविवार को शहर में अनाउंसमेंट भी करवाया गया। सोमवार को शहर में व्यापारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए वाहन रैली निकाली।
सब्जी व्यापारियों ने बताया करीब पांच वर्ष पूर्व थोक सब्जी मंडी को टंकी चौराहा के पास स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी से हाट मैदान शिफ्ट कर दिया गया। यहां सब्जी नीलामी के लिए पक्का स्थान नहीं है। नगर पालिका द्वारा बाजार बैठक शुल्क लिया जाता है लेकिन कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। बारिश के सीजन में यहां कीचड़ पसर रहा है।
ऐसे में किसानों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी को शिफ्ट करने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार निवेदन कर लिया, सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज करवाई लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। ऐसे में आंदोलन करने के सिवाय कोई चारा नजर नहीं आ रहा।