नीमच। परिचित अपने काम के लिए गाड़ी मांग कर ले जाए और फिर वाहन मालिक द्वारा वापस मांगे जाने पर गाड़ी ले जाने वाला कह दे कि मैंने तो गाड़ी बेच दी। तब वाहन मालिक पर क्या बीती होगी। ऐसी ही घटना नीमच सिटी के पिपली चौक निवासी अनिल राव पिता पीर दान राव के साथ हुई है।

अनिल ने बताया कि हमारा परिचित सेमली चंद्रावत निवासी राजपाल और उसकी पत्नी ममता 15 जुलाई को हमारे घर आए और कहा कि 2 घंटे के लिए गाड़ी चाहिए। जरूरी काम से मुझे गांव जाना है। वापस आकर दे दूंगा। मैंने अपनी गाड़ी एक्सल क्रमांक एमपी 44 एम एन 6017 तुरंत राजपाल को दे दी। जब राजपाल 2 दिन तक नहीं आया तो अनिल ने फोन लगाकर अपनी गाड़ी वापस मांगी। जिस पर राजपाल ने कहा कि गाड़ी हमारे पास नहीं है बेच दी है।

राजपाल और पत्नी ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कहा कि तेरे खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज करा देंगे। 5 दिन बाद भी गाड़ी न मिलने पर अनिल अपनी पत्नी के साथ आज नीमच एसपी कार्यालय पहुंचा और लिखित आवेदन देकर राजपाल के खिलाफ अमानत में खयानत करने का मुकदमा कायम करने की मांग की। अनिल ने पुलिस कप्तान से अपनी गाड़ी वापस कराने की गुहार भी लगाई। अनिल ने यह भी बताया कि अभी गाड़ी की किश्तें भरना शेष है।