निंबाहेड़ा। श्रावण मास की पावन बेला में रविवार को निंबाहेड़ा नगर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से शिवमय हो गया। ढाबेश्वर महादेव मंदिर से अटल नगर स्थित छोटा पार्क के अटलेश्वर महादेव मंदिर तक अटल नगर कॉलोनी के परिवारजनों द्वारा कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया।
कांवड़ यात्रा का कैची चौराहा पहुंचने पर राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की ओर से ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़िए धार्मिक उत्साह के साथ शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती यात्रा में श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। कैची चौराहा पर स्वागत के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
शिव-पार्वती की झांकी का किया पूजन-
कांवड़ यात्रा में शामिल रथ में विराजित भगवान शिव एवं माता पार्वती की प्रतिमाओं पर नगर पालिका निंबाहेड़ा के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष चंद्र शारदा ने माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष पर्व है। धार्मिक यात्राएं समाज में आस्था, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देती हैं। कांवड़ यात्रा में उमड़ा उत्साह निंबाहेड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा की झलक प्रस्तुत कर रहा था।
इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव नुसरत खान, नगर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष मोहम्मद कुरैशी, जिला फुटबॉल संघ सचिव फैसल खान, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन प्रकोष्ठ अध्यक्ष रोमी पोरवाल, नगर कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष नीलू शर्मा, शम्शु कमर मंसूरी, धीरज नगरिया, ललित पंचोली, मुन्नी देवी तेली, पूर्व पार्षद शोभाराम जाट, शांतिलाल लाड़ना, मांगीलाल किर, लक्ष्मीलाल गवारिया, प्रकाश जाट, यूएस शर्मा, शोभालाल अहीर, जयदीप बाबेल, किशोर पंचोली, अकील भाई, सईद भाई, कैलाश नेनावा, अशफाक भाई, हैदर भाई, आशुतोष टांक, विष्णु मीणा, अनिल मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।