नीमच। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और जीवनशैली में संतुलन स्थापित करने वाली भारतीय परंपरा है। इसी संदेश के साथ नई पीढ़ी को योग से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को टाउन हॉल, नीमच में जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। नीमच योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में 80 से अधिक बच्चों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
छह आयु वर्गों में हुई प्रतियोगिता-
चैंपियनशिप में 10 से 55 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए छह अलग-अलग आयु वर्ग निर्धारित किए गए। इनमें सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर, सीनियर-ए, सीनियर-बी एवं सीनियर-सी वर्ग शामिल रहे। महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिताएं अलग-अलग आयोजित की गईं।
एसोसिएशन की पदाधिकारी प्रज्ञा जैन ने बताया कि नीमच में जिला योगासन चैंपियनशिप का यह दूसरा आयोजन है। इसका उद्देश्य योगासन की परंपरा को आगे बढ़ाना, बच्चों एवं युवाओं में योग के प्रति रुचि विकसित करना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में संतोष चोपड़ा, मीना जायसवाल, प्रमोद रामावत सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।