देवास। निगम सभापति रवी जैन ने शहर के मुक्तिधामों में नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। सभी जगह पर कई प्रकार की कमियां मिलने पर उन्होंने अधिकारी को तत्काल उसे दूर करने के निर्देश दिए। अंतिम संस्कार के बाद रसीद की व्यवस्था तत्काल करने, बैठक व्यवस्था सुधारने, आने-जाने के मार्ग को बनाने और टीन शेड को ठीक करने के साथ ही पेयजल की व्यवस्था करने के लिए कहा है। साथ ही मुक्तिधामों में उग रही गाजर घास और अन्य झाड़ियां तत्काल साफ करने के लिए स्वास्थ्य निरीक्षक को कहा।पर्याप्त मात्रा में कंडे एवं लकड़ी की व्यवस्था प्रतिदिन तीनों समय साफ-सफाई रखने के लिए दरोगा को कहा।सभापति ने अमोना एवं बालगढ़ मुक्तिधाम पर परिवारजनों को दाह संस्कार की रसीद उसी समय पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था तत्काल करने के लिए मौके पर अधिकारी को निर्देश दिए। निरक्षण के दौरान सभापति के साथ निगम लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, पार्षद महेश फुलेरी, राजा अकोदिया, पार्षद प्रतिनिधि अजय पडियार, पूर्व पार्षद अर्जुन चौधरी और निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।