मंदसौर। प्रति मंगलवार की तरह साप्ताहिक जनसुनवाई कलेक्टर सभागार में आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर अदिति गर्ग ने लोगों की समस्या को सुना तथा मौके पर ही निराकरण किया। जनसुनवाई के दौरान 75 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम तथा सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि जर्जर भवन को गिराने एवं बेसमेंट के संबंध में कार्यवाही तुरंत की जाए। अनुमति के बाद जिस कार्य के लिए बेसमेंट बनाया गया था, उस कार्य में उपयोग न होकर अन्य कार्यों में अगर उपयोग हो रहा है, तो तुरंत कार्यवाही करें। कृषि विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि खेतों में फसलों पर उत्पन्न हो रहे कीटों के लिए सर्वे करें। किसानों को सही सलाह प्रदान करें। जूम वीसी के माध्यम से सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों ने आम जनों की समस्या को सुना तथा निराकरण किया। जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम, सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।