चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को अनगढ़ बावजी स्थल स्थित प्रस्तावित गौशाला का दौरा कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बिल्वपत्र का पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जिला कलक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जनभागीदारी से संचालित ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करते हैं। उन्होंने गौ संरक्षण से जुड़े कार्यों को भी सराहनीय बताते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
पौधरोपण के उपरांत जिला कलक्टर ने अनगढ़ बावजी के दर्शन कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी, श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल के अध्यक्ष जानकीदास वैष्णव, उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, तहसीलदार शिव सिंह शेखावत, नायब तहसीलदार शिवशंकर पारीक सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।