भोपाल। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी से राज्यसभा के लिए अधिकृत प्रत्याशी जार्ज कुरियन निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बीजेपी के डमी प्रत्याशी कांतदेव सिंह के नाम वापसी के बाद कुरियन को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र रिटर्निंग अधिकारी और विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने सौंपा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा इस मौके पर मौजूद रहे।
राज्यसभा की रिक्त सीट के लिए नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख 21 अगस्त तक विधानसभा में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष कुल तीन नामांकन फॉर्म जमा हुए थे। बीजेपी की ओर से मूलतरू केरल के रहने वाले केंद्रीय राज्य मंत्री जार्ज कुरियन को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। कुरियन ने 21 अगस्त को ही विधानसभा पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी और विधानसभा के सचिव अरविंद शर्मा के समक्ष नामांकन पेश किया। कुरियन के प्रस्तावक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत कई अन्य विधायक बने।
बता दें, चुनाव आयोग ने 26 अगस्त को राज्यसभा सदस्य पद के लिए आवेदन करने वालों की नामांकन वापसी की तारीख तय की थी। जन्माष्टमी पर्व के चलते सीएम मोहन यादव ने 26 अगस्त को अवकाश घोषित कर दिया। इसलिए चुनाव आयोग ने नामांकन वापसी की तारीख एक दिन आगे बढ़ा दी थी।