जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा नेताओं की खुलेआम गुंडागर्दी का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें भाजपा नेता दलित परिवार को सड़क पर घसीट-घसीटकर मारते हुए नजर आ रहे हैं। यही नहीं इन भाजपा नेताओं के साथ महिला नेता भी दलित परिवार पर कहर बरपाते हुए नजर आ रही हैं। दरअसल मामला जबलपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले त्रिपुरा वार्ड का है। जहां पर भाजपा पार्षद सुनील पुरी गोस्वामी और बीजेपी बूथ अध्यक्ष विजय द्विवेदी अपने 10 साथियों के साथ दलित परिवार के घर जा धमके और गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट का वीडियो वायरल
मारपीट का एक वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें भाजपा पार्षद सुनील पुरी गोस्वामी, बीजेपी बूथ अध्यक्ष विजय द्विवेदी और उसकी मां दलित परिवार को सड़क पर घसीट घसीट के मारते हुए नजर आ रही है। यही नहीं विरोध करने पर आरोपी भाजपा नेता परिवार के साथ गाली गलौज भी कर रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब वह अपने घर के आंगन में बाथरूम बनवा रहे थे, तभी भाजपा नेता भूत अध्यक्ष कुछ लोगों के साथ वहां पहुंचा। उसने पिस्तौल लेकर सबसे पहले उनके बच्चों को गाड़ी में बिठाकर किडनैप करने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्हें भी इस तरह से दौड़ा-दौड़ा कर मारपीट की।
पीड़ित परिवार थाने जाने से भी डर रहा
वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह बूथ अध्यक्ष पीड़ित परिवार के मुखिया के सीने पर बैठकर उसको पत्थर से लात घुसे से पिटाई कर रहा है। यही नहीं बूथ अध्यक्ष की मां भी दलित महिला को घसीट घसीट कर मारते हुए नजर आ रही है। वहीं पीड़ित परिवार को भाजपा नेताओं ने धमकी दी है कि यदि वह थाने पहुंचे तो उन्हें थाने में घुसकर मारेंगे। यही वजह है कि पीड़ित परिवार थाने जाने से भी डर रहा है। आज पीड़ित परिवार ने नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मिश्रा से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि पुलिस क्या इस मामले में कार्रवाई करती भी है या फिर भाजपा नेताओं के दबाव में मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जाती है।
मंत्री जी का करीबी बताया जा रहा है पार्षद
आपको बता दे की त्रिपुरा वार्ड पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आता है, जो की लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का ही विधानसभा क्षेत्र है। इस त्रिपुरा वार्ड से सुनील पुरी गोस्वामी भाजपा के पार्षद है।