प्रतापगढ़। जिले की धमोतर पंचायत समिति ने घुमंतु परिवारों को भूमि अधिकार दिलाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए सर्वाधिक आवासीय पट्टे जारी कर एक नई मिसाल कायम की है। वर्षों से भूमि अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे अनेक पात्र परिवारों को अब सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
विकास अधिकारी श्री राकेश कुमार निनामा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत घुमंतु परिवारों के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर उन्हें पट्टे प्रदान किए गए। इस पहल से परिवारों को न केवल स्थायी पहचान मिलेगी, बल्कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
इस सराहनीय कार्य के लिए संजीवनी सेवा संस्थान के अध्यक्ष यूनिस अहमद मंसूरी एवं सचिव अमर सिंह ने विकास अधिकारी श्री निनामा का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। संस्थान के पदाधिकारियों ने इसे गरीब, वंचित एवं घुमंतु समाज के हित में एक प्रेरणादायी पहल बताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों से अपने अधिकारों से वंचित परिवारों को अब न्याय मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्य प्राथमिकता के साथ किए जाते रहेंगे।
धमोतर पंचायत समिति की यह पहल न केवल घुमंतु परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी, बल्कि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।