नीमच। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में ष्आधुनिक करियर के लिए आवश्यक कौशलों में बदलावष् विषय पर व्याख्यान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवी स्मार्ट ट्रेनर मंदसौर के अनुराग सक्सेना ने छात्राओं को वर्तमान रोजगार परिदृश्य, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, डिजिटल स्किल्स, नेतृत्व क्षमता तथा करियर निर्माण के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बदलते समय की मांग के अनुरूप स्वयं को निरंतर कौशलयुक्त बनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन प्रो. नेहा इंगले ने किया, जबकि एनसीसी अधिकारी आकांक्षा गौड़ ने आभार व्यक्त किया।