मनासा। संपत्ति संबंधी अपराधों एवं चोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब चार लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे से 3.30 बजे के बीच अज्ञात बदमाश उसके घर का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नगद एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना मनासा में अपराध क्रमांक 348/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तूफान पिता लालूराम गुर्जर निवासी टामोटी, थाना कुकड़ेश्वर बताया। प्रारंभिक पूछताछ में गुमराह करने का प्रयास करने के बाद आरोपी ने नकबजनी की वारदात करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। मामले में आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक तेज सिंह सिसौदिया, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षक अकीब मेव तथा आरक्षक अंकित जोशी, ईश्वर चौहान एवं पिकेंश मोगिया की सराहनीय भूमिका रही।