मनासा। शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय, मनासा में प्रदेशव्यापी ष्नशे से दूरी है जरूरीष् अभियान का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
अभियान के तहत विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं पुलिस अधिकारियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। इसके बाद महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नशा विरोधी संदेश देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने सभी से स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. ममता बसेर ने बताया कि महाविद्यालय भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित हो और समाज नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ सके।