खरगोन। क्रांति सूर्य टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय की अव्यवस्थाओं के विरोध में बुधवार को एनएसयूआई और युवक कांग्रेस ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण करीब 22 हजार विद्यार्थियों का भविष्य अधर में है। बीए, बीकॉम, बीएससी सहित अन्य स्नातक परीक्षाएं अप्रैल में होना थीं, लेकिन अब तक न तो परीक्षाएं आयोजित की गई हैं और न ही परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है।
छात्र संगठनों ने परीक्षा में हो रही देरी की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा जल्द परीक्षा आयोजित कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।