मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित सायबर सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए न केवल आरोपियों की पतारसी में सफलता हासिल की, बल्कि पीड़ितों की लाखों रुपये की ठगी गई राशि भी वापस दिलाई है। अभियान के दौरान आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विभिन्न साइबर फ्रॉड मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्ति बघेल के निर्देशन में साइबर टीम ने विभिन्न मामलों की जांच कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया।
अभियान के दौरान थाना अफजलपुर, सीतामऊ एवं कोतवाली के तीन मामलों में साइबर ठगों द्वारा फर्जी लोन, केवाईसी अपडेट एवं फर्जी लिंक भेजकर कुल 1 लाख 14 हजार की धोखाधड़ी की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी राशि को सुरक्षित (होल्ड) करवा लिया है, जिसे पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
इसके अतिरिक्त एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से विभिन्न साइबर फ्रॉड शिकायतों में कार्रवाई करते हुए 9 प्रकरणों में कुल 5 लाख 58 हजार 714 की राशि होल्ड एवं फ्रीज कराकर पीड़ितों को सुपुर्दगी पर वापस दिलाई गई है। इनमें ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन खरीदारी तथा परिचित बनकर रुपये मांगने जैसे मामले शामिल हैं।
मंदसौर पुलिस की अपील-
मंदसौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पिन एवं पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा ऑनलाइन निवेश एवं लुभावने ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता और सतर्कता ही आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी उपाय है। सजग रहें, सुरक्षित रहें।