मनासा। शासकीय हाईस्कूल जूनापानी में निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रमोद कुमार चौहान ने की। साइकिल प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मदन रावत, ग्राम पंचायत फुलपुरा के सरपंच भरत गुर्जर, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मदन मौर्य, विधायक प्रतिनिधि कैलाश घाटी, मंडल महामंत्री राहुल गुर्जर, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष कैलाश सेन तथा पार्षद प्रतिनिधि विजेश माली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। छात्रा वनीषा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य प्रमोद कुमार चौहान ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय ने 93 प्रतिशत परिणाम प्राप्त कर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निःशुल्क साइकिल वितरण योजना विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा तक सहज पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम का संचालन एस.एल. जारोरिया ने किया तथा नारायण दायना ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त जानकारी साथी शिक्षक अम्बालाल गुर्जर ने दी।