शाजापुर। थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 16 घंटे के भीतर 16 वर्षीय नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे ग्राम धंधेड़ा के जंगल क्षेत्र से एक संदेही युवक के कब्जे से बरामद किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना मोहन बड़ोदिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरविंद सिंह तोमर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की सहायता से नाबालिग की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर 15 जुलाई को ग्राम भाटाहेड़ी मार्ग स्थित जंगल क्षेत्र, ग्राम धंधेड़ा से नाबालिग को संदेही संदीप पिता लखन निवासी बीरागांव के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस पीड़िता के बयान एवं संदेही से पूछताछ के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर, एएसआई लाखन सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मोहम्मद शरीफ, हेमेन्द्र जादौन, आरक्षक शैलेन्द्र शर्मा, शैलेन्द्र गुर्जर, शिवचरण दांगी, अनिल सेन, अर्जुन सिंह बागड़ी, महिला आरक्षक कीर्ति मंडोत तथा साइबर प्रभारी प्रधान आरक्षक विकास तिवारी एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।