सिंगोली। नीमच जिले के रतनगढ़ कस्बे में प्रस्तावित स्कूल भूमि पर भवन निर्माण करवाने में दो विभागों के बीच उपेक्षित रवैया नागरिकों में आक्रोश का कारण बन रहा है।
इस बाबत नागरिकों ने कांग्रेस नेता सत्यनारायण पाटीदार के मार्फत नीमच कलेक्टर को अवगत कराया है। नागरिकों को दावा है कि 30 साल पूर्व स्कूल भवन हेतु आवंटित भूमि पर दो विभागों की उपेक्षा के सहारे भू माफियाओं की नजर पड़ रही है। भूमाफिया चाहते है कि स्कूल भवन का निर्माण अन्य स्थान पर हो जाए ताकि वे बेस कीमती भूमि को कौड़ियों के दाम हथिया सके।
बताया जाता है कि स्कूल भवन हेतु आवंटित भूमि पर जहां नगर निकाय ने अस्थाई रोड़ बना दिया है, वहीं स्कूल प्रशासन भी अपनी ही भूमि पर भवन निर्माण करवाने के पक्ष में नजर नहीं आ रहा है।
इस बाबत कांग्रेस नेता सत्यनारायण पाटीदार ने बताया कि कुछ लोग सांठगांठ कर स्वीकृत भवन का निर्माण प्रस्तावित भूमि पर न करवाते हुए मौजूदा स्कूल के खेल मैदान में करवाना चाहते है ताकि वे अपने मकसद में कामयाब हो जाए। सत्यनारायण पाटीदार ने दावा किया कि वे इतनी आसानी से भूमि को खुर्द बुर्द नहीं होने देंगे।
शनिवार दोपहर इस आशय की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, आज से 30 साल पहले नीमच सिंगोली सड़क मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास करीब साढ़े 6 बीघा जमीन स्कूल हेतु आवंटित की गई थी, जिस पर स्कूल भवन सहित बगीचा और खेल मैदान बनाया जाना प्रस्तावित है। जबकि स्कूल भवन निर्माण हेतु करीब डेढ़ करोड़ की राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। लेकिन भूमि का महत्व बढ़ जाने के कारण कुछ मौका परस्त लोग गुप चुप निर्माण में व्यवधान बन रहे हैं।
हालांकि शिकायत के बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने उक्त भूमि का निरीक्षण भी कर लिया है। समझा जाता है कि वे शीघ्र ही उचित निर्णय लेकर निर्माण एजेंसी को निर्देशित कर सकते है।