दतिया। विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित सभा में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक नजर आए। संबोधन के दौरान उनकी आवाज भर्रा गई और गला रुंध गया।
नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के फूट के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा में कोई मतभेद नहीं है। हम सभी एकजुट होकर चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताने के लिए वह दतिया के एक-एक घर तक जाएंगे और जनता के सामने शीश नवाएंगे।
उन्होंने कहा, ष्हम सब साथ खड़े हैं और कार्यकर्ताओं की ताकत से यह चुनाव जीतेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा के सुपुर्द आशुतोष तिवारी को किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें जिताने की जिम्मेदारी दतिया संगठन और कार्यकर्ताओं की है।
कांग्रेस में अवधेश नायक की नाराजगी से बढ़ी हलचल
दूसरी ओर कांग्रेस की सभा में पूर्व कांग्रेस नेता अवधेश नायक की गैर-मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। उनकी बीजेपी में वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं।
अवधेश नायक ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उनके साथ अन्याय किया है। उन्होंने बताया कि 2023 विधानसभा चुनाव में उन्हें प्रत्याशी घोषित किया गया था, लेकिन बाद में टिकट बदलकर राजेंद्र भारती को दे दिया गया। उन्होंने कहा कि इस बार भी उन्हें टिकट नहीं दिया गया।
नायक ने कहा कि बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी उनके छोटे भाई जैसे हैं और उनके सामने सभी विकल्प खुले हुए हैं। फिलहाल वह विचार मंथन कर रहे हैं।
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से जब अवधेश नायक की वापसी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
दिग्विजय सिंह ने अवधेश नायक से मांगी माफी
कांग्रेस की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अवधेश नायक से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले नायक के टिकट का विरोध किया था, क्योंकि वह उस समय बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आए थे। लेकिन 2023 चुनाव में नायक ने पूरी ईमानदारी से पार्टी के लिए काम किया।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि उनकी किसी बात से अवधेश नायक का अपमान हुआ हो तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।
दोनों दलों के प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
दतिया उपचुनाव के लिए सोमवार को कांग्रेस और बीजेपी दोनों के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने सुबह करीब 11रू30 बजे नामांकन जमा किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती सहित कई नेता मौजूद रहे।
वहीं, बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दोपहर करीब 2रू30 बजे नामांकन दाखिल किया। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दतिया उपचुनाव में अब मुकाबला दिलचस्प हो गया है। दोनों प्रमुख दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है और चुनावी मैदान में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।