नीमच। सशस्त्र झंडा दिवस के उपलक्ष में आज नीमच के मनासा नाका स्थित शहीद पार्क से रन फॉर यूनिटी का आयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा किया गया। रन फॉर यूनिटी में पांच विद्यालय के करीब 100 बालक बालिकाओं ने हिस्सा लिया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी को रवाना किया।
इस अवसर पर दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि देश की सेना और राष्ट्र के लिए शहीद हुए अमर जवानों पर पूरे देश को गर्व है। भारत की सेना विश्व की सबसे ताकतवर सेनाओं की गिनती में शुमार होती है। हम संकल्प लें कि झंडा दिवस पर पूर्व सैनिकों के परिवार के कल्याणार्थ सहयोग राशि भेंट कर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। बताते चलें कि यह दौड़ शहीद पार्क से मनासा रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप और पुनः शहीद पार्क तक 3 किलोमीटर लंबी आयोजित की गई थी। आज आयोजित रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य यह भी रहा कि विगत वर्ष सशस्त्र झंडा दिवस पर नीमच के पूर्व कलेक्टर दिनेश जैन और सभी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करना, जिनके द्वारा सैनिकों के कल्याणार्थ करीब एक करोड़ से अधिक की राशि इकट्ठा की गई थी।
इस अवसर पर जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ अरविंद डामोर, तहसीलदार संजय मालवीय,नेवी की लेफ्टिनेंट राशि उपाध्याय, देवेंद्र सिंह परिहार, आरसी बोरीवाल, वली मोहम्मद, चतर सिंह नलवाया, राजेंद्र गौड़, चांदमल पाटीदार,धन सिंह, जयदीप सिंह, अनुपमा पाटीदार, गणमान्य नागरिक और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। रन फॉर यूनिटी के विजेताओं को 16 दिसंबर विजय दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।