जावरा। राजनीति तो कई लोग करते है और उंचे पद तक भी पहुंचते है लेकिन कुछ ही नेता होते है जो काजल की कोठरी में बेदाग रहने की कहावत चरितार्थ करने के साथ-साथ अपने दौर और व्यक्तित्व की मिसाल पेश कर जाते है। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री कुंवर भारतसिंह उन चुनिंदा राजनेताओं में से एक थे। वे करीब तीन दशक पहले मंत्री रहे व राजनैतिक धमक बनाई थी लेकिन उस दौर को लोग आज भी याद करते है और भारतसिंह जी के काम का अंदाज कैसा था, मिसाले देते है।
कांग्रेस के कद्दावर नेता व प्रदेश के पूर्व गृह एवं उद्योग मंत्री भारत सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। शनिवार सुबह उनके निवास स्थान गढ़ी से अंतिम यात्रा का सफर शुरू हुआ। अंतिम यात्रा के पूर्व निवास स्थान पर प्रशासन की तरफ से पुष्प चक्र अर्पित किया। घर से बैंड बाजों पर देश भक्ति गीतों के साथ अंतिम यात्रा निकाल कर उनके पारिवारिक मुक्तिधाम पहुंची। बेटे नितीराज ने मुखाग्नि दी।
अंतिम यात्रा में कांग्रेस नेता अजय सिंह, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, भाजपा नेता केके सिंह कालूखेड़ा मंदसौर के पूर्व विधायक यशपाल सिसोदिया, कान्ह सिंह चौहान, कांग्रेस नेता युसूफ कड़पा, रतलाम से पारस सकलेचा, ओमसिंह भाटी समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक समेत जावरा, सीतामऊ के लोग शामिल हुए। मुक्ति धाम में सभा में श्रद्धांजलि दी। इसके पहले उनके निवास स्थान पर जावरा एसडीएम त्रिलोचन गौड़, सीएसपी दुर्गेश आर्मों, तहसीलदार ने पुष्प चक्र अर्पित किया।
बता दें कि भारत सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और रतलाम में भर्ती थे। शुक्रवार सुबह 80 की उम्र में उनका निधन हो गया था। भारत सिंह कांग्रेस शासन काल में सीएम रहे अर्जुन सिंह के कार्यकाल में मंत्री रहे थे।