टीकमगढ़। शहर के वार्ड नंबर 17 में पुलिस परेड ग्राउंड के पीछे निवास करने वाले लोगों ने रविवार को स्थानीय समस्याओं को लेकर बैठक रखी। वार्ड पार्षद को बुलाकर समस्या से अवगत कराया। साथ ही सड़क, नाली और पानी की समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा गया।
वार्ड नंबर 17 निवासी उमाशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि
ढाई साल पहले मोहल्ले में सीसी रोड का निर्माण हुआ था। सीसी सड़क के साथ नाली भी बनाई जाना थी, लेकिन सीसी रोड डालने के बाद नाली का निर्माण नहीं किया गया। जिससे अब मोहल्ले के लोगों को पानी की निकासी के लिए समस्या का सामना करना पड़ रहा है। घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी को लेकर आए दिन झगड़े भी हो रहे हैं। इसके अलावा नवनिर्मित सीसी सड़क में जगह-जगह दरारें आ गई हैं। जिससे पूरी सड़क खस्ता हाल हो चुकी है।
वार्ड के रामकिशोर शर्मा ने बताया कि नलों में पानी नहीं आ रहा है। साफ सफाई भी समय पर नहीं होती। इन सभी समस्याओं को लेकर आज मोहल्ले के लोगों ने बैठक रखी। जिसमें स्थानीय पार्षद राजीव जैन को भी बुलाया गया। वार्ड पार्षद को सभी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा गया है।
स्थानीय अनीस खरे ने बताया कि
वार्ड पार्षद ने नगर पालिका इंजीनियर को मौके पर बुलाकर समस्याओं का समाधान करने के लिए कार्य योजना बनाई है। उन्होंने जल्द ही मोहल्ले के लोगों की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है।