भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी जिलों में महिला लीडरशिप को तवज्जो देने के प्रयास में जुटी है। संगठन चुनाव को लेकर पिछले दिनों प्रदेश स्तरीय और बाद में संभाग स्तर पर हुईं बैठकों में इस बात के संकेत मिले हैं। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुईं बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे ने जिलाध्यक्ष के चुनाव में महिलाओं की भागीदारी पर जोर दिया है। संगठन चुनाव को लेकर भोपाल में प्रदेश स्तरीय जिला पर्यवेक्षकों की बैठक हुई तो इंदौर, शिवपुरी, जबलपुर सहित अन्य क्षेत्रों में संभाग स्तरीय बैठकें हुईं।
बैठकों में केंद्रीय पर्यवेक्षक व बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे खास तौर पर मौजूद रहीं. खबर है कि सरोज पांडे ने संगठन चुनाव के माध्यम से महिला नेतृत्व को आगे लाने पर जोर दिया है. वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी महिला शक्ति की निश्चित भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दे रहे हैं।
प्रदेश में 15 दिसंबर तक 1300 मंडल अध्यक्षों के चुनाव होना है. वहीं 31 दिसंबर तक 60 जिलों के अध्यक्ष के चुनाव होना है. वर्तमान स्थिति में बीजेपी के जिला संगठन की बात करें तो अभी एकमात्र पांढुर्ना में जिलाध्यक्ष की कमान वैशाली महाले के हाथ में है. माना जा रहा है संगठन करीब आधा दर्जन जिलों में महिला जिलाध्यक्ष चुनने पर मंथन कर रहा है. इसके लिए जोर-शोर से नाम तलाशे जा रहे हैं।