डिंडोरी। सोमवार को जिला सत्र न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीना आशापुरे ने 14 दिसंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहन 5 दिनों तक नगर में घूम-घूमकर प्रचार प्रसार करेगा। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरण और न्यायालय में लंबित नहीं प्रकरण रखे जाएंगे।
राजीनामा योग्य प्रकरणों का त्वरित निराकरण होगा
राजीनामा योग्य प्रकरणों की सुनवाई कर तत्काल उनका निराकरण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला न्यायाधीश शिवकुमार कौशल ने बताया कि डिंडोरी और शहपुरा में न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों में अपराधिक 602, चेक बाउंस 127, बीमा क्लेम 213, सिविल के 32, कुटुंब न्यायालय के 16 और बिजली के 42 प्रकरण हैं। वहीं, जो प्रकरण न्यायालय में लंबित नहीं हैं, उनमें बैंक रिकवरी के 2493, बिजली के 241, नगर पालिका जल कर 150, संपत्ति कर के 130 और बीएसएनल के 417 प्रकरणों की तत्काल सुनवाई की जाएगी। प्रचार वाहन से पंपलेट भी बांटे जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा सके।