नीमच। शहर की एकता कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय महिला की सोमवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका पूजा अपने पति और दो बच्चों के साथ नीमच की एकता कॉलोनी में निवास करती थीं। बताया जा रहा है कि रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया।
जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
सोमवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।