भोपाल। एलएनसीटी विश्वविद्यालय भोपाल द्वारा आयोजित साउथ-वेस्ट जोन अंतरविश्वविद्यालय कराटे पुरुष टूर्नामेंट-2024-25 का समापन हुआ। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में 100 से अधिक विश्वविद्यालयों के 600 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का अद्वितीय प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट में वीर नर्मदा दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय विजेता घोषित किया गया।
टूर्नामेंट में प्रथम उपविजेता रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, द्वितीय उपविजेता बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय रहा। व्यक्तिगत में सेज विश्वविद्यालय भोपाल के चिराग पंवार ने स्वर्ण, महात्मा गांधी विश्वविद्यालय कोट्टायम के दीपांकर कोंवर ने रजत और आरडी विश्वविद्यालय कर्नाटक के जागृत एवं बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के रक्षांश आम्रवंशी ने कांस्य पदक जीते। वहीं टीम में महात्मा गांधी विश्वविद्यालय कोट्टायम ने स्वर्ण, कालीकट विश्वविद्यालय ने रजत एवं मैसूर विश्वविद्यालय और मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने कांस्य पदक जीते।
विभिन्न भार वर्गों और टीम स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एलएनसीटी विश्वविद्यालय के प्रिंस सोलंकी (-50 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक) और मोहित प्रजापत (-75 किग्रा वर्ग में रजत पदक) का प्रदर्शन सराहनीय रहा। खेल भावना को प्रोत्साहन देते हुए समापन समारोह पुलिस अकादमी भौंरी में आयोजित किया गया। प्रो. एनके थापक वाइस चांसलर, पंकज कुमार जैन स्पोर्ट्स डायरेक्टर, आरके शर्मा स्पोर्ट्स डायरेक्टर टीआईटी, सुप्रिया जाटव टूर्नामेंट डायरेक्टर, डॉ. वीएस पंवार स्पर्धा सचिव, डॉ. पीएस दारा, तनवंत सिंह खेल अधिकारी, मृत्युंजय श्रीवास्तव ने लकी ड्रॉ के माध्यम से विभिन्न कोचों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। उपहार में घड़ियां, टी-शर्ट और अन्य आकर्षक सामग्री दी गई।
यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों के लिए भी प्रेरणादायक और यादगार साबित हुआ। एलएनसीटी के स्पोर्ट्स डायरेक्टर पंकज कुमार जैन ने बताया कि विश्वविद्यालय का यह प्रयास केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं था, बल्कि खेल के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और सम्मान का वातावरण तैयार करना था। हम इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।