आगर मालवा। जिले के गढ़ी और पिपलिया चाचा गांव के दर्जनों किसान अपनी मांग लेकर आज सोमवार दोपहर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
किसानों ने यहां कलेक्टर के नाम कार्यालय अधीक्षक एसएस भूरिया को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें बताया गया है कि रणायरा केलवा गांव में स्थित तालाब का पानी गढ़ी और पिपलिया चाचा गांव के किसानों को नहीं मिल पा रहा है। अभी तक सिर्फ एक बार पानी मिला है जिसके बाद पानी नहीं मिला।
किसानों का आरोप है कि रणायरा गांव के लोगों ने तालाब की नहर को पत्थरों और सीमेंट से बंद कर दिया और उसकी चाबी भी काट कर ले गए। जिसके चलते किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे है और उनकी फसलें खराब होने लगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी रणायरा गांव के कुछ लोगों ने नहर को क्षतिग्रस्त करके नहर का पानी रोक दिया था। किसानों की प्रशासन से मांग है कि नहर को दुरुस्त कर गांव तक सिंचाई का पानी पहुंचाना सुनिश्चित करे ताकि 100 से भी अधिक किसानों की करीब एक हजार बीघा जमीन सिंचित हो सके। साथ ही किसानों को मुआवजा देने की मांग भी की गई है।
इस दौरान गुमानसिंह सरपंच खेरिया, ईश्वर सिंह पूर्व सरपंच, रामचंद्र, हरिसिंह, दुलेसिंह, नारायण सिंह सरपंच प्रतिनिधि गंगापुर और किसान ग्राम गढ़ी, सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।