धार। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि जिले के समस्त शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में एफएलएन मेले का आयोजन 11 जनवरी को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत निपुण भारत पहल के माध्यम से 2027 तक पूरे देश में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश राज्य भी निपुण भारत के उद्देश्यों को साकार करने के लिए सतत प्रयासरत है। निपुण भारत के निर्देशों में पालकों और समुदाय की सहभागिता को अत्याधिक महत्व दिया गया है। समुदाय और पालकों (विशेष रूप से माताओं) की भागीदारी के माध्यम से बच्चे दैनिक जीवन के क्रियाकलापों से घर पर भी प्रारंभिक साक्षरता और संख्या ज्ञान की बुनियादी अवधारणाओं को सीख सकते हैं। इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए एफएलएन मेले का आयोजन किया जा रहा है। सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने और पालकों को इस प्रक्रिया में सहभागी बनाने के लिए जागरूकता लाना अत्यंत आवश्यक है। मध्यप्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि सत्र 2024-25 में सभी शासकीय प्राथमिक शालाओं में एफएलएन मेले का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा- पहला चरण 11 जनवरी को और दूसरा चरण मार्च माह में।