देवास। जिले के खातेगांव स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) ने गंभीर कुपोषण से जूझ रहे एक मासूम को उपचार और संतुलित पोषण देकर स्वस्थ जीवन की नई राह दिखाई है।
ग्राम पटरानी निवासी अंकिता एवं रितेश के पुत्र शुभम बारेला को 24 जून 2026 को गंभीर कुपोषण की स्थिति में एनआरसी में भर्ती कराया गया था। भर्ती के समय उसका वजन 6.950 किलोग्राम, लंबाई 73.5 सेंटीमीटर तथा मध्य ऊपरी बांह की परिधि (एमयूएसी) 10.6 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी, जो गंभीर तीव्र कुपोषण की श्रेणी में थी।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. तुषार गुप्ता एवं पोषण प्रशिक्षक पल्लवी शुक्ला के मार्गदर्शन में शुभम को विशेष चिकित्सकीय देखभाल, संतुलित पोषण आहार तथा 24 घंटे स्वास्थ्य निगरानी उपलब्ध कराई गई। 14 दिनों तक नियमित उपचार और पोषण प्रबंधन के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
8 जुलाई 2026 को डिस्चार्ज के समय शुभम का वजन बढ़कर 8 किलोग्राम हो गया, जबकि उसकी एमयूएसी बढ़कर 11.4 सेंटीमीटर दर्ज की गई। स्वास्थ्य में सुधार के बाद शुभम के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
शुभम के स्वस्थ होने पर उसके माता-पिता ने एनआरसी की चिकित्सकीय टीम और राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।